पंजाब में मौसम ने करवट ले ली है। बीते दिनों वेस्ट्रन डिस्टर्बेंस के कारण हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड ने राज्य में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा दोनों ही अपना असर दिखाएंगे। वहीं रविवार को पंजाब में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि शिमला के तापमान के बराबर है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले करीब दो हफ्तों तक पंजाब में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ बना रहेगा। विभाग ने बताया है कि इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहेगा। मौसम में आई इस ठंडक के साथ ही सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं महसूस की जा रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में लगातार हो रही गिरावट के चलते लोगों को सर्दी-जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों से सावधान रहना चाहिए। बढ़ती ठंड शरीर पर गहरा असर डाल सकती है, इसलिए नागरिकों को गर्म कपड़ों और खानपान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।