डेहलों के गांव लहरा इलाके में रंजिश के चलते एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिल सुखविंदर सिंह के घर में घुस उसकी कार को आग लगा दी। जब सुखविंदर सिंह और उसके पारिवारिक सदस्यों ने शोर मचाया तो आरोपी ने सीधी गोलियां चला दीं व धमकियां देते हुए फरार हो गए।
सुखविंदर सिंह ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना डेहलों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुखविंदर सिंह की शिकायत पर कुलदीप सिंह उर्फ माणक के साथ दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सुखविंदर सिंह द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक वह अपने घर में परिवार के साथ मौजूद था। इसी दौरान तीन लोग मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दीवार फांद घर में दाखिल हो गए। इनमें से दो के हाथ में डंडे भी थे। आरोपी कुलदीप सिंह ने घर में खड़ी उनकी कार को ही आग लगा दी। जब उन्होंने परिवार सहित शोर मचाया तो आरोपियों ने सीधी उन पर गोलियां चलाईं लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपी वहां से धमकियां देते हुए दीवार फांद कर फरार हो गए। सुखविंदर ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करनी शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर कार को किस चीज से आग लगाई गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है