अनूप शर्मा:- नगर निगम पालमपुर को पुराने कचरे के वैज्ञानिक तरीके से निपटान करने पर प्रतिष्ठित स्कॉच पुरस्कार मिला है। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में यह पुरस्कार नगर निगम के महापौर गोपाल नाग और आयुक्त डाॅ. आशीष शर्मा ने प्राप्त किया। यह पुरस्कार नगर निगम पालमपुर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
निगम अब तक लगभग 3200 मीट्रिक टन पुराने कचरे का निपटारा कर चुका है। 1300 मीट्रिक टन सीमेंट संयंत्रों को भेजा गया है। यह उपलब्धि पालमपुर को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल नगर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। नगर निगम इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए आधुनिक मशीनरी और तकनीक का भी उपयोग कर रहा है। इसमें ट्रॉमल मशीनें, ऑर्गेनिक वेस्ट कन्वर्टर्स तथा फाइटो-रिमेडिएशन पौधे शामिल हैं।