Home बड़ी खबरेnews पांवटा साहिब में स्मैक के साथ नशे का सौदागर गिरफ्तार, स्पैशल डिटैक्शन सैल की टीम ने की कार्रवाई

पांवटा साहिब में स्मैक के साथ नशे का सौदागर गिरफ्तार, स्पैशल डिटैक्शन सैल की टीम ने की कार्रवाई

Drug dealer arrested with smack in Paonta Sahib, Special Detection Cell team took action

पुलिस थाना पांवटा साहिब के स्पैशल डिटैक्शन सैल की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को 25.10 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। टीम काे यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मिली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्पैशल डिटैक्शन सैल को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि एक युवक नशीले पदार्थों की खेप लेकर बातापुल इलाके से गुजरने वाला है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने बातापुल के पास नाकाबंदी कर दी। देर रात जब संदिग्ध युवक वहां पहुंचा तो पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी बाजार में कीमत हजारों रुपए में आंकी जा रही है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आबिद पुत्र मकसूद, निवासी गांव भगवानपुर, डाकघर पुरुवाला, तहसील पांवटा साहिब व जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

 

डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच करने और इस नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आरोपी का रिमांड हासिल करने का प्रयास करेगी।

You may also like