Home बड़ी खबरेnews धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी हिमाचल सरकार

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी हिमाचल सरकार

Himachal government to promote religious tourism

मुख्यमंत्री सुक्खू ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मूलभूत सुविधाओं में सुधार पर सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन विरासत और आधुनिक विकास के बीच एक महत्त्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु प्रदेश के शक्तिपीठों में आध्यात्मिक शांति की खोज में आते हैं, जिससे स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलता है। गौर हो कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी धर्मपत्नी विधायक कमलेश ठाकुर के साथ शिमला के शोघी स्थित तारादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा नए धार्मिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मंदिर समिति ने मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया।

 

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान राज्य ने तीन बड़ी चुनौतियों का सामना किया, जिनमें प्राकृतिक आपदा सबसे बड़ी रही। इसके अतिरिक्त, आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियां हमारे समक्ष रहीं। उन्होंने कहा कि दैवीय शक्ति के आशीर्वाद से और प्रदेशवासियों के सहयोग से सरकार ने इन सभी चुनौतियों को सफलतापूर्वक पार किया है। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी, विनोद सुल्तानपुरी और अनुराधा राणा, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर तथा जि़ला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को दी नए साल की शुभकामनाएं

 

शिमला — नव वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी धर्मपत्नी एवं देहरा से विधायक कमलेश ठाकुर के साथ गुरुवार को लोकभवन पहुंच कर राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल और लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और समग्र विकास की कामना की। राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक संजय अवस्थी ने भी राज्यपाल को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नव वर्ष के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों के सुखद स्वस्थ एवं समृद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद वह राज्यपाल को शुभकामनाएं देने लोकभवन आये। इस दौरान उनके साथ कुछ विधायक भी थे।

You may also like