Home बड़ी खबरेnews घरों पर फेंके धर्म विशेष के नारे लिखे पत्थर, पुलिस बोली- बच्चों की शरारत

घरों पर फेंके धर्म विशेष के नारे लिखे पत्थर, पुलिस बोली- बच्चों की शरारत

Stones with slogans of a particular religion were thrown at houses, police said it was a prank by children.

by punjab himachal darpan

उपमंडल देहरा की ग्राम पंचायत खैरियां के पनसाल गांव में एक हफ्ते से घरों पर पत्थरों के गिरने से स्थानीय लोग भयभीत हैं। रात के समय अचानक छतों और आंगनों में गिरते कई पत्थरों पर धमकी भरे संदेश लिखे हुए हैं।

 

इसमें ‘बच के रहना’, धर्म विशेष के नारे के अलावा ‘आज आर जा (या) पार’ लिखा है। हालांकि पुलिस का दावा है कि यह बच्चों की शरारत है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

यह घटना देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह के घर के पास हुई, जहां पहले से ही गृह मंत्रालय की सुरक्षा के तहत सीआरपीएफ जवान तैनात हैं। सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद इसके पास के 4-5 घरों पर रोजाना पत्थरों का गिरना और चेतावनी भरे संदेश मिलने से ग्रामीणों में चिंता और भय बढ़ गया।

कई परिवार रातभर डर के कारण सो नहीं पा रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार उन्होंने इलाके में संदिग्ध लोगों को भी घूमते देखा है। इससे गांव में दहशत और बढ़ गई है। कई परिवार डर के कारण रातभर सो भी नहीं पा रहे हैं।

वार्ड पंच कमल किशोर ने बताया कि उन्होंने पुलिस थाना हरिपुर में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। बीती रात पुलिस के जवान गांव में गश्त पर थे। इस दौरान पत्थर नहीं गिरे। मगर पिछले एक हफ्ते से रोजाना रात को पत्थर छतों पर फेंकता रहा है।

ग्राम पंचायत प्रधान जसवीर गुलेरिया ने कहा कि सबसे पहले एक घर का ताला और ग्लेज टूटा पाया गया और इसके बाद लगातार रात में पत्थरों का गिरना शुरू हुआ। ग्रामीणों ने पंचायत को सूचना दी और पुलिस भी मौके पर पहुंची।

एसपी मयंक चौधरी ने कहा कि इन चेतावनी भरे पत्थरों से किसी तरह का खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच में यह खुलासा हुआ कि पत्थर फेंकना किसी संगठन या बाहरी तत्व का काम नहीं, बल्कि बच्चों की शरारत थी। बच्चों ने मजाक में पत्थर फेंककर डर पैदा किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा पूरी तरह मजबूत है और पूर्व विधायक के घर की सुरक्षा में कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

You may also like