कस्बा बाघापुराना के गांव माड़ी मुस्तफा में शुक्रवार सुबह 10 बजे बाइक सवार दो युवकों ने सुखदेव सिंह की करियाना की दुकान पर फायरिंग कर दी। वारदात के बाद दोनों मौके से भाग निकले।
फायरिंग की सूचना पर डीएसपी बाघापुराना बलबीर सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। सूत्रों के मुताबिक इस वारदात के पीछे ईशानदीप सिंह का हाथ बताया जा रहा है। वह पहले कनाडा गया था। बाद में अवैध तरीके से अमेरिका चला गया था। डीएसपी बलबीर सिंह ने बताया कि फायरिंग में एक गोली दुकान के शीशे पर लगी है। बता दें कि मार्च 2024 में सुखदेव सिंह ने ईशानदीप सिंह के खिलाफ फोन पर धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद अगस्त 2024 में उनके घर के गेट पर फायरिंग हुई थी। इस मामले में आरोपी हरप्रीत सिंह और संदीप सिंह पकड़े गए थे, जबकि धर्मप्रीत सिंह अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि ईशानदीप सिंह के परिवार के कुछ सदस्य रेकी कर उसकी जानकारी अमेरिका बैठे ईशानदीप तक पहुंचा रहे थे। इस बार रेकी के बाद वारदात की गई है। सुखदेव सिंह के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।